पृष्ठ

अनुमति जरूरी है

मेरी अनुमति के बिना मेरे ब्लोग से कोई भी पोस्ट कहीं ना लगाई जाये और ना ही मेरे नाम और चित्र का प्रयोग किया जाये

my free copyright

MyFreeCopyright.com Registered & Protected

बुधवार, 8 फ़रवरी 2012

कन्यादान या अभिशाप




दान करने के नाम पर
रहन रखने की
ये अजब रस्म देखी
बेटी ना हुई
कोई जमीन हुई
जिस पर जो चाहे 
जैसे चाहे हल चलाये
या मकान बनाए
या कूड़े का ढेर लगाये
मगर वो सिर्फ 
बेटी होने की कीमत चुकाए
उफ़ भी ना कर सके
दहलीज भी पार कर ना सके 
ना इस दर को
ना उस दर को
अपना कह सके 
जब दुत्कारी जाये
जब जीवन उसका
नरक बन जाये
जब साथ रहना दूभर हो जाये
कहो तो .........ओ ठेकेदारों
किस दर पर जाए
कहाँ जाकर गुहार लगाये?

अब बदलना होगा 
ऐसी रस्मों को
समझना होगा
बेटी कोई वस्तु नहीं
जो दान दे दी जाये
बेटियां तो जान होती हैं
दो घरों की आन होती हैं
फिर कैसे कर देते हो 
कन्यादान के नाम पर दान
क्या कभी नहीं 
तुम्हारे अंतस ने 
ये सवाल उठाया ?
क्या कभी नहीं 
तुम्हारा जमीर जागा?
जिसे इतने नाजों से पाला पोसा
और एक ही पल में
उसे सारे हकों से 
महरूम कर दिया
ब्याह के बाद 
ना वो घर अपना बना
और ना मायका अपना रहा
दोनों ही घरों से
उसका हक़ तोड़ दिया
कन्यादान प्रथा ने 
समाज को अभिशापित किया
कन्या का जीवन दूभर किया
सब जानते हैं
अब उस घर से इसके 
सभी हक़ ख़त्म हुए
और मायके वाले भी
बाद में बोझ समझते हैं
फिर अत्याचारों का सिलसिला 
कहर ढाता है
कभी दहेज़ के नाम पर 
तो कभी लड़की जन्मने के नाम पर
उसी का शोषण किया जाता है
कभी  ज़िन्दा जलाया जाता है
तो कभी बच्चा जनते जनते ही
उसका दम निकल जाता है
बेटी को हर अधिकार से वंचित कर दिया
दान दी जाने वाली चीज  से
कोई हक़ ना रखना
इस प्रथा ने ही ऐसी 
कुरीतियाँ फैलाई हैं 
ज़रा सोचो
अगर ऐसा तुम्हारे साथ होने लगे
पुरुष का दान होने लगे
और किसी भी घर में
उसका कोई स्थान ना हो
कहीं कोई मान ना हो
अपनी कोई पहचान ना हो
कैसे तुम जी पाओगे?


ओ समाज के ठेकेदारों
जागो .........समझो
मत लकीर के फकीर बनो
जो रस्मे जज्बातों  से खेलती हों
जिनसे कोई सही शिक्षा ना मिलती हो
जो विकास में बाधक बनती हों
उन रस्मों को , उन परिपाटियों को 
बदलना बेहतर होगा
एक नए समाज का 
निर्माण करना होगा
कन्यादान की रस्म को 
बदलना होगा
लिंग भेद ना करना होगा
बल्कि कन्या को भी 
सम स्तर का समझना होगा
कन्यादान को अभिशाप ना बनने देना होगा 


दोस्तों ओ बी ओ पर महा लाइव उत्सव के अंतर्गत ये टोपिक दिया गया मगर पता नहीं ये रचना पहले ही लिख ली गयी थी तो आज वहां लगा दी ........शायद कुछ कामों की बुनियाद पहले ही पड़ चुकी होती है बस हमें पता बाद में चलता है .........तो सोचा आप सबको भी ये पढवानी बनती है 

सोमवार, 6 फ़रवरी 2012

उम्र कैद की सजा काटने को विवश होती हैं................






सुना है 
उम्र के उस दौर में
जब सब जिम्मेदारियों से 
निवृत हो जाते हैं
तब एक बार फिर
ऋतुराज का पदार्पण होता है
जीवन फिर नयी करवट लेता है
एक बार फिर
चिड़ियाँ आँगन में चहकती हैं
मीठी- मीठी बतियाँ करती हैं
जो उम्र भर सुकून नहीं मिला
वो इस उम्र की थाती होती है
फिक्र से कोसों दूर
साथी के साथ
ज़िन्दगी फिर नयी उड़ान भरती है
क्या सच में ऐसा होता है ?
क्या संभव है फिर
मृतप्राय कुसुमों का खिलना?
क्या संभव है फिर 
जो बह गया उस पानी का
वापस मुड़ना?
क्या संभव है फिर
जिस रिश्ते की भस्म भी ना बची हो
उसका फिर से जीवित होना?
क्या संभव है फिर
मुरझाई तस्बीहों का खिलना?
क्या संभव है फिर
एक नवयौवन का आना?
जब गया वक्त वापस नहीं मुड़ता
फिर कैसे कहता है कोई
उम्र का वो दौर वापस आता है
जहाँ सच्चा प्यार जाना जाता है
जब शक्तिहीन ,बेबस , लाचार जिस्म
इक दूजे पर बोझ बने होते हैं
उम्र की घड़ियाँ गिन रहे होते हैं
सांस- सांस पर आह निकलती हो
कोई कैसे कह सकता है फिर
उम्र के उसी दौर में सच्चा प्यार होता है
ख्वाहिशें जवाँ होती हैं
हर ख्वाहिश को मुकाम मिलता है
जब ख्वाहिशों के जनाजे  में
वक्त की कील चुभी होती है
जब दिन रात में ना फर्क दिखता है
जब ना कहीं कोई मौसम बदलता है
जब स्पर्श में भी ना गर्माहट होती है
सिर्फ तबियत में बोझिलता होती है
आँखों में न स्वप्न पलते हैं
सिर्फ वक्त के काले साए  
ही अपने दंश देते हैं 
कोई कैसे कह सकता है फिर 
साथी के साथ जीने की 
सिर्फ यही उम्र होती है ?
ये तो विवशता होती है
जब किसी को ना उनकी 
जरूरत होती है
तब सिर्फ साथ निभाना
दोनों की मजबूरी होती है
मगर उसमे भी 
मोहब्बत की ना शिरकत होती है
वहाँ ना कोई उल्फत होती है
वहाँ ना कोई चाहत होती है
ये सब किताबी बातें होती हैं 
हकीकत से न रु-ब-रु  होती हैं 
सिर्फ वक्त की सलीबों पे टँगी
दो आत्माएं जिस्म  की बंदिश में कैद 
उम्र कैद की सजा काटने को विवश होती हैं................



शनिवार, 4 फ़रवरी 2012

मगर अब कैसे भस्मीभूत बीजों में फिर से अंकुरण हो


भटक रहा है ऋतुराज 
मेरे घर के बाहर
अन्दर आने को उत्सुक
मगर आने के हर दरवाज़े पर
मैंने सांकल चढ़ा दी है अब
ऋतुराज भी वक्त के साथ आये
तभी अच्छा लगता है
बेवक्त का आना कब किसे सुहाता है
और देखो तो
अब उमंगों से सब नाते टूट चुके हैं
लाल रोशनाई से अब नहीं लिखती कोई ख़त 
नहीं उगती क्यारियों में कोई मौसमी सब्जी
अब नहीं दिखता आईने में अक्स
जिसे देख आईना भी लजा जाता था
अब नहीं पड़ती सुबह की पहली किरण
किसी दरो- दीवार को रोशन करती हुई
नहीं होती कोई कविता अब अलंकृत 
श्रृंगार रस के मधुर सरस बोलों से
और बसंत रोज दस्तक दे रहा है
कुण्डी खडखडा रहा है 
मगर क्या करूँ 
थाप सिर्फ सुनाई देती है 
मगर निशाँ नहीं छोडती
जिस पर चलकर दरवाज़ा खोल सकूँ 
कैसे खुले दरवाज़ा 
जिसकी चाबियाँ तो 
रूहों के तिलस्मों में ज़मींदोज़ हो चुकी हैं 
चाबियों की खेती नहीं होती ना 
कोई फसल नहीं होती 
अब कौन से बीजों को रोपूं
जो नव पल्लव खिल जायें 
नए बीज होते तो शायद 
अंकुरित हो भी जाते
मगर अब कैसे भस्मीभूत बीजों में फिर से अंकुरण हो

मंगलवार, 31 जनवरी 2012

ये है मेरा नज़रिया ……





बोधि प्रकाशन जयपुर द्वारा प्रकाशित कृति "स्त्री होकर सवाल करती है " स्त्री विषयक काव्य संग्रह एक उपलब्धि से कम नहीं ...........माया मृग जी और डॉक्टर लक्ष्मी शर्मा जी के अथक प्रयासों का जीवंत रूप है ये काव्य संग्रह जिसे उन्होंने आभासी दुनिया को संगठित करके संगृहीत किया है जो अपने आप में एक अनोखा प्रयोग है . फेसबुक पर लिखने वालों को एकत्रित करना और फिर उनकी रचनाओं को संकलित करना बेशक एक प्रयोगधर्मिता है जिसे कोई भी प्रकाशन इस तरह प्रकाशित करने की  हिम्मत नहीं कर पायेगा जिसमे कोई खास चर्चित नाम ना हो सब आम लेखक ही वहाँ जुड़े हों जो अभी अपनी पहचान बनाने में संलग्न हों..........इतना बड़ा जोखिम उठाकर बोधि प्रकाशन ने सिद्ध कर दिया कि वहाँ सिर्फ रचनाओं को सम्मान दिया जाता है ना कि किसी व्यक्तिगत नाम को या प्रतिष्ठित नाम को .............इसके लिए पूरी प्रकाशन टीम  बधाई की पात्र है  .


इसी श्रृंखला में मेरी ३ कविताओं को भी सम्मिलित करके सम्मानित किया है जिसके लिए मैं बोधी प्रकाशन की दिल से आभारी हूँ :
१) झीलें  कब बोली हैं
२) वर्जित फल
३) कोपभाजन से कोखभाजन तक 



अब बात करते हैं इस कृति से जुड़े कवियों और कवयित्रियों की ..........चाहे पुरुष हो या स्त्री सबने अपने भावों में स्त्री के हर पहलू को छुआ है चाहे आदिम हो या आधुनिक स्त्री की स्थिति , सोच और व्यवहार सबका अवलोकन सूक्ष्मता से किया गया है .

मैं कोई समीक्षक तो हूँ नहीं एक पाठक की दृष्टि से जो मैंने महसूस किया वो लिख रही हूँ . सबके बारे में लिखना तो मेरे लिए संभव नहीं मगर इनमे से कुछ कविताओं ने सोचने को तो मजबूर किया ही और साथ में नयी सोच भी परिलक्षित की ..........उन्ही में से कुछ कविताओं का जिक्र कर रही हूँ ........



इस सन्दर्भ में सबसे पहले बात करते हैं अर्पण कुमार जी की कविता "नदी" की जिसे उन्होंने स्त्री को नदी के बिम्ब से शोभित करते हुए स्त्री मन के भावों को पकड़ा है, क्या है स्त्री.... ये बताया है जो इन पंक्तियों में चरितार्थ होता है 

दुष्कर नहीं है 
नदी को समझना
दुष्कर है
उसे विश्वास में लेना
ये है स्त्री और उसका स्वरुप ............जिसे अर्पण कुमार जी ने चंद लफ़्ज़ों में समेट दिया है .


अरुण कनक की  कविता " प्रेम करने वाली औरतें " बताती है कि कैसे एक औरत जो प्रेम करती है तो उस प्रेम के दर्प से उसका ओजपूर्ण व्यक्तित्व खिल उठाता है . अपनी आकांक्षाओं के साथ ऊँचे उड़ते जाना और फिर प्रताड़ित  होने पर भी प्रेम से लबरेज़ रहना ही शायद उनके प्रेम को उच्चता प्रदान करता है और मुख प्रेम मे ओज से दर्पित .......ऐसी औरतें जो प्रेम के विभाजन नहीं चाहतीं प्रेम के हर अणु में जैसे उनका अस्तित्व बंधा  होता है , प्रेम का विखंडित  होना उनके लिए किसी परमाणु विस्फोट से कम नहीं फिर भी कवि का प्रश्न खड़ा हो ही जाता है .........आखिर क्या चाहती हैं प्रेम करने वाली औरतें ? प्रेम के बदले प्रेम या वो सब जो एक अस्तित्व की तलाश होती है .........ये प्रश्न  करता कवि इस सवाल का जवाब ढूँढने में अनुत्तरित रहता है और इसे भी औरतों पर छोड़ अपने कर्त्तव्य की  इतिश्री कर लेता है .




अरुणा मिश्र की कविता " कविता " स्त्री के प्रति पुरुष की सोच को दर्शाती एक उत्कृष्ट रचना है . चंद  शब्दों में उन्होंने बता दिया कि कैसे कैसे पुरुष ने स्त्री अंगों का इस्तेमाल किया सिर्फ अपने फायदे के लिए कैसे उसका दोहन किया मगर फिर भी स्त्री से कहीं ना कहीं हारता ही है एक सोच में डूब जाता है सब कुछ अपनाने के बाद भी एक प्रश्न उसे कचोटता है ......कि अब आगे और क्या ? सुख कहाँ है ? स्त्री देह में या स्त्री अस्तित्व में या मानस के अन्तस्थ में .




देवयानी भरद्वाज की "स्त्री, एक पुरुष की कामना में " एक ऐसी सशक्त अभिव्यक्ति है जिसे एक स्त्री ही समझ सकती है कैसे पुरुष के लिए स्त्री सिर्फ एक स्त्री ही होती है उसका कोई रूप नहीं होता और ना ही वो जानता  जब स्त्री सामने हो तो उसमे सिर्फ देह ही दिखती है और देह में भी वो अंग जिनका उपयोग करके वो अपने पौरुष को तो संतुष्ट करे ही मगर स्वयं को बिना किसी अग्निपरीक्षा से  गुजारे  , अपने दामन पर पान की पीक  एक छींटा भी किसी को नज़र ना आये इस तरह इस्तेमान करना चाहता है और स्त्री, यदि स्वेच्छा से समर्पण करे तो उसकी नज़रों में गिर जाती है फिर चाहे खुद ने गिरावट की हर हद को पार ही क्यों ना किया हो . पुरुष की कामना में स्त्री कभी देह से इतर होती ही नहीं यही कहना चाहा है देवयानी जी ने .




गोपीनाथजी की "कमरा, बच्ची और तितलियाँ " कविता के माध्यम से गोपीनाथ जी ने भ्रूण हत्या जैसे जघन्य अपराध को उजागर किया है . उस अजन्मे भ्रूण की मनःस्थिति को इतनी मार्मिकता से पेश किया है कि आँख नम हो जायें और भ्रूण हत्या करने वाले भी सोचने को विवश .





"उस लड़की की हँसी " कविता में गोविन्द माथुर जी ने बेहद संजीदगी से एक अल्हड, किशोरवय: लड़की की उन्मुक्त हँसी का जिक्र किया है जो दुनियादारी की पाठशाला से अनभिज्ञ  है . कितनी निश्छल हँसी होती है ना किसी भी किशोरी की  आने वाले कल से अनजान मगर वो ही हँसी आप उम्र भर फिर चाहे कितना ही ढूंढते फिरो वो मासूमियत फिर नहीं मिलती इसलिए सहेज लो उन पलों को जिसमे ज़िन्दगी ज़िन्दगी से मिल रही हो अपनी संपूर्ण उन्मुक्तता के साथ .




"यही है प्रारंभ" कविता में हेमा दीक्षित जी ने नारी के उस स्वरुप का वर्णन किया है जो स्वप्न में भी नहीं चाहती कि कोई उसे सिर्फ देह ही समझे और स्वप्न  में ही एक टकराव बिंदु का आरम्भ  करती हैं  जो पुरुष के अहम् से जुदा है यानि एक ऐसी नारी जो स्वप्न में भी अपना सिर्फ देह होना नहीं स्वीकारती और पुरुष को ललकारती है और करती है एक नयी शुरुआत ......




हरकीरत हीर जी यूँ तो अपनी पहचान आप हैं फिर भी उनकी कविता "तवायफ की एक रात " के माध्यम से पुरुष के दोगले चरित्र को छान रही हैं कैसे पुरुष धार्मिकता , सज्जनता और साफ़ चरित्र का लबादा ओढ़े अपने पौरुष को ढकता है मगर उससे तो वो तवायफ अच्छी जो खुले आम स्वीकारती तो है सच्चाई की परतों को ............




हरी शर्मा जी की "औरत क्या है " कविता औरत की शक्ति का दर्पण है . औरत के बिना इंसान का कोई अस्तित्व नहीं दर्शाती कविता  औरत को सिर्फ जिस्म मानने से इंकार करती है साथ ही बताती है हर इन्सान के अन्दर एक औरत का वजूद जीवित रहता है बशर्ते वो उसे पहचाने तो सही ....






जीतेन्द्र कुमार सोनी "प्रयास" की कविता "नाथी -सरिता" औरत की उस स्थितिको इंगित करती है जब वो लड़के को जन्म नहीं दे पाती और उस स्थिति में चाहे वो शहर की हो या गाँव की औरत दोनों में से किसी की भी स्थिति में कोई फर्क नहीं होता . गाँव की औरत तब तक बच्चा जनती है जब तक लड़का ना हो जाये और शहर की गर्भपात  का दंश झेलती है मगर पढाई लिखाई या जगह बदलने  से मानसिकता में बद्लाव नहीं  दिखता ..........

दूसरी तरफ "दोष "कविता में जीतेन्द्र जी ने उन पौराणिक नारियों को दोष दिया है  जिन्होंने चुपचाप अत्याचार सहे जिसका दंश आज की नारी के भाग्य की लकीर बन गया है क्योंकि पौराणिक नारियां ही तो नारी सतीत्व का प्रतीक रही हैं तो उनके आचरण पर चलना उनकी नियति बन गयी हैऔर यही उनका दोष आज की नारी  के भाग्य का सबसे बड़ा दोष .




कुमार अजय की कविता "सोचना तो होगा ....." एक व्यंग्यात्मक दृष्टिकोण को उजागर करती है और पुरुष पर आक्षेप लगाती  है साथ ही रस्मो रिवाजों और सुहाग प्रतीकों में बंधी नारी के जीवन की विवशता को दर्शाती  है . पुरुष हर बार अपना वर्चस्व  कायम रखने के लिए कोई  ना कोई रास्ता निकाल ही लेता है  
तो दूसरी तरह "कोई स्त्री ही होगी वह ..." कविता में पुरुष को बताते हैं जीवन के हर मोड़  पर चाहे घर हो स्कूल हो या ज़िन्दगी का सफ़र सब जगह तुम्हें प्यार करती और तुम्हें ज़िन्दगी की खुशियों से सराबोर करने में एक स्त्री का ही हाथ होगा और वो भी यकीन के साथ .......




लीना मल्होत्रा की "आफ्राm तुम्हें शर्म नहीं आती तुम अकेली रहती हो " अकेले रहने वाली स्त्रियों के साहस को सलाम करती है . जी सकती है अकेले वो एक अपनी दुनिया में जहाँ हर प्रश्न दुम दबाकर भागता नज़र आता है .



मनोज    कुमार झा "विज्ञापन-सुंदरियों से " कविता में एक प्रश्न खड़ा कर रहे हैं उन स्त्रियों से जिन्होंने नारी मुक्ति को सिर्फ अंग प्रदर्शन या आगे  बढ़ने की होड़ में स्त्री देह को उत्पाद की तरह प्रयोग करना शुरू कर दिया बिना जाने कि आज भी उनका प्रयोग ही किया जा रहा है ......इस प्रयोगात्मक दृष्टिकोण से  बचने और एक आदर्श स्थापित  करने को प्रेरित करती कविता वास्तव में सार्थक है ......


माया मृग जी ने "खुश रहो स्त्री " कविता में एक व्यंग्यात्मक शैली में चंद लफ़्ज़ों में स्त्री को स्थापित कर दिया.... बता दिया समाज या पुरुष समाज उससे क्या चाहता है और उसी को कैसे पूजित किया जाता है देवी बताकर ........यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते .......

मुकुल सरल की कविता "एक बुरी औरत की कहानी " यथार्थपरक कविता है. आजकी उस आधुनिक कही जाने वाली नारी का चित्रण है जो हर सच के लिए ज़माने से लड़ जाती है, अपने अधिकारों का हनन नहीं होने देती, बड़ी बेबाकी से सच को कहने की हिम्मत रखती है और पुरुषात्मक समाज की छाती पर पांव रखकर आगे बढ़ने की हिम्मत रखती है . शायद इसीलिए वो एक बुरी औरत है जिससे हर मर्द अपने घर परिवार को बचाना चाहता है कहीं ये चिंगारी उनके घर के शोलों को भी ना भड़का दे .





निधि टंडन की "नारी की स्वतंत्रता" कविता के दोहरे रूप को दर्शाती एक सशक्त अभिव्यक्ति है. एक ऐसी नारी जो बाहर जाकर नारी स्वतंत्रता का ढोल पीटती है इस उम्मीद से कि एक दिन सब कुछ बदल जाएगा  मगर घर में वो ही तिरस्कृत , उपेक्षित जीवन जीती है . सिर्फ एक आस में शायद उसके द्वारा उठाये क़दमों से किसी के जीवनका तो सच बदले , कोई तो पूर्ण स्वतंत्र हो. वैचारिक स्वत्नत्रता ही नहीं संपूर्ण स्वतंत्रता भी मायने रखती है





ॐ पुरोहित कागद की कविता "पुरुष का जन्म " एक कटाक्ष है और नारी मन की वेदना जहाँ वो अपने अस्तित्व की तलाश के साथ एक अदद पहचान और अपने घर के लिए तरस रही है . सब कार्य पुरुष सत्ता को इंगित करने क्यों होते हैं जबकि जननी स्त्री ही है हर कार्य की पूर्णाहुति स्त्री से होती है फिर भी क्यों वो उपेक्षित रहती है ?



पल्लवी त्रिवेदी की "बताना चाहती हूँ ज़माने को " उस नारी की पुकार है जो अपने ढंग से जीना चाहती है . उसी उन्मुक्तता के साथ जैसे कोई पुरुष जीता है क्योंकि ख्वाहिशों का कोई जेंडर नहीं होता.

तो दूसरी तरफ "उसकी रूह कुछ कह रही थी पहली बार " में पल्लवी जी ने स्त्री को जागृत किया  है और कहती  हैं कि सुन अपनी आत्मा की आवाज़ और अपने लिए रास्ते खुद चुनना  ताकि सुलग सुलग कर जीने की विवशता से आज़ाद हो  सके .







प्रेरणा शर्मा की "मैं हूँ स्त्री " देह के बंधनों से मुक्त होती स्त्री की एक सशक्त आवाज़ है जो लैंगिक भेदभाव को पूरी तरह नकार कर स्वयं को स्थापित कर रही है.





प्रवेश सोनी की "घरौंदा " स्त्रियों के मन का दर्पण है जिसमे वो बताती हैं उम्र के एक मोड़ पर जीवन कितना सहज होता है दूसरे मोड़ पर जब वो पूरा आकाश मुट्ठी में भरना चाहती है  तो उम्र का संकोच कहो या  स्त्री सुलभ लज्जा उसे उड़ान भरने  से रोकने लगती है और मन की बिछावन पर परतें जमने लगती हैं उम्र की , उन्माद की , सिसकन की .


रंजना जायसवाल की कविता "माँ का प्रश्न " वास्तव में सोचने को मजबूर करता है एक उम्र आने पर बेटे को माँ का सब कुछ बुरा लगने लगता है यहाँ तक कि इससे उसे लगता है कि उसकी इज्जत कम होती  है मगर भूल जाता है कि उसमे ना जाने कितने ऐब भरे पड़े हैं  तो क्या उसके ऐबों की वजह से उस माँ  की  इज्जत नहीं जाती प्रश्न करती कविता एक सशक्त हस्ताक्षर है .

तो दूसरी कविता "इन्सान" वास्तव में मरती इंसानियत पर कटाक्ष है एक अबोध बच्ची के माध्यम से हैवानियत की सच्चाई को जिस तरह उकेरा है वो अपने आप में बेजोड़ है . सरल शब्दों में गहरा मार करती कविता एक अदद इन्सनियात से भरा  इन्सान ढूँढ रही है .






रितुपर्णा मुद्राराक्षस की "कुछ कहना चाहेंगे आप " कविता पुरुष की आदिम सोच को दर्शाती है जो स्त्री से चाहे जो भी सबंध रखे यहाँ तक कि कितना ही अच्छा दोस्त बनने का अभिनय करे आखिर में रहता  वह वो ही आदिम सोच से युक्त पुरुष है जो स्त्री को सिर्फ शरीर ही समझता है जबकि स्त्री के लिये हर सम्बन्ध की एक मर्यादा होती है मगर पुरुष क्यों देह से इतर किसी सम्बन्ध को नहीं देख पाता  ये प्रश्न अनुत्तरित ही रहता है .





राजीव कुमार 'राजन' की "मैं मनुष्य हूँ" कविता में स्त्री स्वयं को मुक्त कर रही है .हर सकारात्मक या नकारात्मक बँधन से जो पुरुष ने उसे दिए हैं . नहीं बनना उसे देवी, त्याग की मूर्ति , छिनाल या कुल्टा  वो बस एक मनुष्य  के रूप में अपनी सम्पूर्णता के साथ जीना चाहती है  इसलिए स्वयं को मुक्त कर रही है हर विशेषण से .






राजेंद्र शर्मा जी ने अपनी कविता "स्त्री" में औरत के उस रूप को दर्शाया है जो चाहे पत्नी हो  , माँ हो , बहन  या बेटी हर रूप में वो सबकी सलामती की दुआएँ मांगती ही दिखती है . एक डर के साये में जीती औरत का सुन्दर चित्रण करने के साथ एक प्रश्न पुरुष समाज पर भी उछाल दिया है कि स्त्री के भाग्य में ही ये सब क्यों बदा होता है जो शायद एक अनुत्तरित प्रश्न है .





सीमांत सोहल जी की "परदेसी -पुत्र" माँ बेटे के रिश्ते की उस गर्माहट की तरफ ध्यान दिलाती है जो बेटे की तरफ से तो लुप्त होती जा  रहीहै  मगर माँ तो हमेशा हर हाल में माँ ही होती है . माँ की जरूरत पर बेटा सौ बहाने बना सकता है मगर माँ तो माँ होती है उसे तो उसकी ममता ही याद रहती है और हज़ार मुश्किलों का सामना करने पर भी बेटे की जरूरत पर उसके साथ होती हैबस इतना ही तो अंतर होता है उस रिश्ते में , उसकी गर्माहट में .






श्याम कोरी उदय जी ने "सिर्फ औरत नहीं हूँ मैं " में एक ऐसा सवाल उठाया है जो विचारणीय है . औरत को पुरुष ना जाने क्या क्या बनाता है कभी खुशबू तो कभी रात , कभी दिन कभी चाँदनी बहुत से नामों और उपनामों से नवाजता है यहाँ तक कि अपना सारा जहाँ भी कह देता है बस नहीं मानता तो उसके संपूर्ण अस्तित्व को अर्थात सिर्फ औरत के रूप को स्वीकार नहीं पाता  . एक सोचने को विवश करती कविता.





सुमन जैन की कविता "बेटियां बहुत जल्दी बड़ी हो जाती हैं " एक सत्य को परिभाषित करती है जिस सत्य को हम नकारना चाहते हैं स्वीकारना नहीं चाहते , जिस पर हम झुंझलाते रहते हैं सुनने पर , दूसरा इन्सान कहे तो बुरा लगता है सुनने पर मगर जब अपने साथ वो ही लम्हा घटित होता है तो जुबान पर लफ्ज़ बनकर वो बात आ ही जाती है और बेसाख्ता मुँह से निकल ही जाता है ........बेटियां बहुत जल्दी बड़ी हो जाती हैं.






शबनम राठी "बीवी " कविता में हर नारी के उस दर्द को बयां कर रही हैं जो उसके अन्तस्थ में पलता है  हर नारी चाहती है कि उसका पति उसे भी इन्सान समझे, घर का जरूरी समान नहीं या जरूरत की वस्तु नही जिसे जब चाहे प्रयोग किया बल्कि एक पूर्ण इन्सान के रूप में स्वीकारे मगर उसके पास वो नज़र या वक्त ही नहीं  होता या वो  सोच ही नहीं  होती , वो भावनाएं ही नहीं होतीं या वो सोचना ही नहीं चाहता स्वीकारना ही नही चाहता उसके वजूद को एक इन्सान के रूप में ........






उपासना सियाग ने "सरहद पर जब भी " कविता में युद्ध की विभीषिका में एक औरत के संवेदनशील भावों  को दर्शाया है . एक औरत चाहे इस पार  की हो या उस पार  की , कोई भी हो माँ , बहन , बेटी या पत्नी  वो सिर्फ़ सरहद पर गए के लिए उसकी सलामती के लिए दुआ ही कर सकती है क्योंकि भावनाओं में अंतर नहीं होता तो फिर औरत में कैसे होगा ये होती है स्त्री होने की सबसे बड़ी पहचान 






वीना कर्मचंदानी  "गुलाबी" कविता में उन स्त्रियों की मनः स्थिति में झाँका है जो घर -घर जाकर झाड़ू बर्तन आदि करती हैं और किसी को पढ़ते देख उनका चेहरा कैसा दमक जाता है कि साँवली रंगत भी गुलाबी दिखने लगती है  . शिक्षा का तेज़ उसकी चाहत का दर्प मुख पर उजागर होना और उसके महत्त्व को समझना उन लोगों के लिए बड़ी बात है जिन्हें ये सुविधाएं आसानी से उपलब्ध नहीं होतीं .





वन्दना शर्मा ने "बस कैलेंडर भरता है हामी" कविता में औरत के दयनीय हीन दशा का मार्मिक चित्रण किया है . कितने तरह के वीभत्स अत्याचार सहती है औरतें मगर पाषाण  युग हो या २१ वीं सदी औरत सिर्फ भोग्या ही रही तो कभी अहिल्या ही रही , शापित सी , अपमानित होती, कतरे, कुचले लहूलुहान पंखों के साथ सिसकती ही रही. युग बदलने से उसकी दशा में कोई परिवर्तन नहीं वो कल भी वस्तु थी और आज भी .






वसुन्धरा  पाण्डेय की "बोनसाई " कविता नारी के  विचारों को व्यक्त करती है . कैसे पुरुष उसे अपने अंगूठे के नीचे दबाकर रखना चाहता  है क्योंकि जानता है एक बार यदि उड़ान भरनी शुरू की तो आसमाँ भी छोटा पड़ जायेगा फिर उसका वर्चास्व कैसे कायम रहेगा ।
 





ये अपने आप मे एक ऐसी उपलब्धि है जो किसी ने सोची भी नही होगी कि फ़ेसबुक की रचनाओं के जरिये भी साहित्य सृजन हो सकता है और उसका ये एक ऐसा उदाहरण बन गया है कि आगे आने वाले दिनो मे इससे काफ़ी लोग प्रेरित होकर साहित्य मे ना केवल योगदान देंगे बल्कि अपनी भी एक मुकम्मल पहचान बनायेंगे और इसका श्रेय माया जी आपकी टीम को जाता है ……
ये केवल मेरे निजी विचार हैं इन्हें किसी समीक्षक की दृष्टि से ना देखा जाए. 



किताब प्राप्त करने के लिए संपर्क सूत्र है :


बोधि प्रकाशन
f -77  kartarpura  industrial  area 
bais  godam ,jaipur ...302006 
cell : 098290 -18087 

बोधि प्रकाशन के वितरण प्रभारी श्री अशोक कुमार जी  से उनके फ़ोन 

99503 30101 पर बात कर लें

शनिवार, 28 जनवरी 2012

सरस्वती माँ को सादर वन्दन अभिनन्दन




सरस्वती माँ को सादर वन्दन अभिनन्दन 
करो माँ हर ह्र्दय मे प्रेम का मधुर स्पन्दन

तम का नाश कर दो अज्ञानता का ह्रास कर दो
ज्ञान उजियारे से माँ जीवन उल्लसित कर दो 

तन मन प्रफुल्लित हो सदा नित करें तुम्हें वंदन
गीत शांति सौहार्द के गायें सदा हो जाए पूर्ण समर्पण 

तुम्हारी प्रथम आराधना से हो वासंतिक अभिनन्दन 

जीवन के हर पग पर मिल जाए एक नया खिला उपवन 

सरस्वती माँ को सादर वन्दन अभिनन्दन 
करो माँ हर ह्र्दय मे प्रेम का मधुर स्पन्दन

गुरुवार, 26 जनवरी 2012

फिर कैसे अश्रुपूरित नेत्रों से स्वयं का दोहन करूँ?

नहीं हूँ मैं देशभक्त
क्या करूँ देशभक्त बनकर
जब रोज नए घोटाले करने हैं
जब रोज जनता को 
लूटना खसोटना है
जब रोज भ्रष्टाचार के 
नए नए मार्ग खोजने हैं
जब रोज सच का गला घोंटना है
जब रोज गणतंत्र के नाम पर
सब्जबाग दिखाना है
चेहरे पर एक नया चेहरा लगाना है
झूठ के आईने में 
सच को दिखाना है
हर पल एक झूठ के साथ जीना है
तो क्या करूँ मैं देशभक्त बनकर
और क्या करूँ मैं 
सबको गणतंत्र की शुभकामना देकर
जब ना बदल पाया कुछ भी
गुलाम तो कल भी थे आज भी
गैरों की गुलामी से तो बच निकले
अपनों की गुलामी से बचकर किधर जाएँ
जब खुद अपना ये हाल हमने बनाया है
तो क्या होगा एक दिन 
गणतंत्र के नाम पर 
खुद को भुलावा देकर
क्या होगा एक दिन 
आदर्शवादी बनने का ढोंग करके
क्या होगा एक दिन
गणतंत्र दिवस की शुभकामना देकर
जबकि उसके असली अर्थ को ना जाना हमने
खुद को निरीह बना डाला हमने
अधिकारों और कर्तव्यों को 
दोगली छवि वालों के हाथों की
कठपुतली बनाया हमने
जब तक ना बदल जाए ये सब
तब तक कैसा गणतंत्र और किसका गणतंत्र
फिर कैसे अश्रुपूरित नेत्रों से स्वयं का दोहन करूँ और खुद को देशभक्त कहूं ????

मंगलवार, 24 जनवरी 2012

कुछ तो जुस्तजू अभी बाकी है………………


तुम लिखते नही
या मुझ तक पहुंचते नही
तुम्हारे वो खत
जिसकी भाषा ,लिपि और व्याकरण
सब मुझ पर आकर सिमट जाता है
शायद संदेशवाहक बदल गये हैं
या कबूतर अब तुम्हारी मुंडेर पर नही बैठते
या शायद तुमने दाना डालना बंद कर दिया है
तभी बहेलियों के जाल में फँस गए हैं 

कोई तो कारण है 
यूँ ही नहीं हवाएं पैगाम लेकर आई हैं 

कुछ तो जुस्तजू अभी बाकी है………………

शुक्रवार, 20 जनवरी 2012

स्त्री मुक्ति को नया अर्थ दिया


आज एक ख्याल ने जन्म लिया
स्त्री मुक्ति को नया अर्थ दिया
ना जाने ज़माना किन सोचो में भटक गया
और स्त्री देह तक ही सिमट गया
या फिर बराबरी के झांसे में फँस गया
मगर किसी ने ना असली अर्थ जाना
स्त्री मुक्ति के वास्तविक अर्थ को ना पहचाना
देह के स्तर पर तो कोई भेद नहीं
लैंगिग स्तर पर कैसे फर्क करें
जरूरतें दोनों की समान पायी गयीं
फिर कैसे उनमे भेद करें
दैहिक आवश्यकता ना पैमाना हुआ 
ये तो सिर्फ पुरुष पर थोपने का 
एक बहाना हुआ 
जहाँ दोनों की जरूरत समान हो
फिर  कैसे कह दें 
स्त्री मुक्ति का वो ही एक कारण  है
ये तो ना स्त्री मुक्ति का पर्याय हुआ
बराबरी करने वाली को स्त्री मुक्ति का दर्शन दिया
मगर ये भी ना सोच को सही दर्शाता है
"बराबरी करना" के भी अलग सन्दर्भ दीखते हैं
मगर मूलभूत अर्थ ना कोई समझता है
बदलो स्त्री मुक्ति के सन्दर्भों को
जानो उसमे छुपे उसके अर्थों को
तभी पूर्ण मुक्ति तुम पाओगी
सही अर्थ में तभी स्त्री तुम कहलाओगी 
सिर्फ स्वतंत्रता या स्वच्छंदता ही 
स्त्री मुक्ति का अवलंबन नहीं
ये तो मात्र स्त्री मुक्ति की एक इकाई है 
जिसके भी भिन्न अर्थ हमने लगाये हैं
उठो जागो और समझो 
ओ स्त्री ..........स्वाभिमानी बन कर जीना सीखो
अपनी सोच को अब तुम बदलो
स्वयं को इतना सक्षम कर लो
जो भी कहो वो इतना विश्वस्त हो
जिस पर ना कोई आक्षेप हो 
और हर दृष्टि में तुम्हारे लिए आदर हो 
तुम्हारी उत्कृष्ट सोच तुम्हारी पहचान का  परिचायक हो 
जिस दिन सोच में स्त्री में समानता आएगी
वो ही पूर्ण रूप में स्त्री मुक्ति कहलाएगी
जब स्वयं के निर्णय को सक्षम पायेगी
और बिना किसी दबाव के अपने निर्णय पर
अटल रह पायेगी
तभी उसकी मुक्ति वास्तव में मुक्ति कहलाएगी
बराबरी का अर्थ सिर्फ शारीरिक या आर्थिक ही नहीं होता
बराबरी का संपूर्ण अर्थ तो सोच से है निर्मित होता

मंगलवार, 17 जनवरी 2012

मुझे उस एक रोज की तलाश है.............


काश ऐसा एक रोज़ हर किसी की ज़िन्दगी मे आये

और वो उसमे अपनी पूरी ज़िन्दगी जी जाये

कौन सा???

कुछ होने और ना होने के बीच की खाली जगह

कितना सुकून होता है ना उसमे …………

शायद वो ही अपने लिये जीना होता है।


मुझे उस एक रोज की तलाश है.............



जहाँ मै होकर भी ना होऊँ मगर खुद से मुलाकात हो जाये

इक अश्क ढलक जाये हौले से …………

बह जाये सागर तक्………

समाहित हो जाये…………

और मै जी जाऊँ उस ना होने मे…………उस खालीपन मे

आह! क्या अब तक मै ज़िन्दा हूँ?

रविवार, 15 जनवरी 2012

तुम्हारा हर दिन जन्मदिन सा गुजरता रहे






चिड़ियाएं तो चिड़ियाएं ही होती हैं
आँगन में फुदकती हैं
कभी मुंडेर पर 
तो कभी छज्जे पर
कभी पानी की बाल्टी पर
तो कभी आँगन में पड़े दानों पर
फुदकती हैं , चहचहाती हैं 
बेफिक्री से कैसे बतियाती हैं
ना डर ना खौफ ना कोई चाहत
बस एक पुरसुकून सी ज़िन्दगी 
उड़ने की चाह
परवाज़ भरने को आतुर
आँगन की शोभा बनी रहती हैं......जब तक रहती हैं 
जैसे ना जाने कितने कमल खिलखिला गए हों
जैसे सारा जहान उन्होंने अपनी
चहचहाट में ही संजो रखा हो 
हाँ .........तुम ऐसी ही तो 
मेरे आँगन की चिड़िया हो 
मेरी बिटिया .......
तुम्हारे  होने से मुझे 
घर - घर दिखता है
जिस दिन तुम नहीं होतीं
सारा दिन बोझिल सा गुजरता है
और तुम्हारे आते ही 
जैसे मन मधुबन खिल उठता है
सारे घर में बहार आ जाती है
सिर्फ तुम्हारे बोलने से
तुम्हारी बातों से
मेरे मन की कली- कली खिल जाती है 
और उस पल डर भी जाती हूँ
कुछ देर के लिए सहम भी जाती हूँ
ये सोच कर कि 
बस कुछ दिन और ........उसके बाद
फिर तुम दूसरे आँगन में रोंपी जाओगी 
वहाँ नए कँवल खिलाओगी
एक नया मधुबन बनाओगी
तब यहाँ मेरे आँगन की हर शय
तुम्हारा रास्ता निहारा करेगी
तुम्हारी चहचहाट को बहुत मिस करेगी
हाँ ..........जानती हूँ रीतियाँ तो निभानी होंगी
और तुम्हें भी एक नयी दुनिया बसानी होगी
मगर जब तक तुम हो मेरे पास
समेट लेना चाहती हूँ ......तुम्हारी हर बात को
हर चाह को , हर आहट को 
संजोना चाहती हूँ हर खुशबू को
आज तुमने २१ वसंत पूरे किये हैं 
चाहती हूँ तुम्हारा संपूर्ण जीवन 
वसंत सा खिलता रहे 
हर सुमन तुम्हारी बगिया की 
शोभा बनता रहे 
आसमाँ भी तुमसे रश्क करता रहे
यूँ हर पल तुम्हारा खुशियों से लरजता रहे
जो मुस्कान खिली है होठों पर
यूँ ही ता-उम्र कायम रहे 
मेरी बिटिया अब यही है कामना 
तुम्हारा हर दिन जन्मदिन सा गुजरता रहे 




दोस्तों 
आज मेरी बेटी का जन्मदिन है और उसे आप सबके आशीर्वाद और दुआओं की भी जरूरत है .......आखिर इतना तो उसका हक़ बनता ही है अपने सभी अंकल आंटी पर :)))

उसी वक्त पर पब्लिश रही हूँ जिस वक्त उसका जन्म हुआ था ...........बस कुछ भी कहने को बचा नहीं है सिर्फ भाव विभोर हूँ शायद एक माँ के लिए कुछ कहना आसान भी नहीं होता .........

बुधवार, 11 जनवरी 2012

इंतज़ार की सिलाई नही होती



तुम मुझे बातो के बताशे खिलाते हो 
अभी आऊँगा थोडी देर मे
तुम से ढेर सी बातें करूंगा
कह जाते हो और मै
आस की ऊँगली थामे
खडी रहती हूँ चौखट पर
एकटक दरवाज़े पर
निगाह टिकाये
जेठ की तपती दोपहर मे
जानते हो इतनी देर मे
एक इंतज़ार की चादर बुन लेती हूँ
कभी देखा है
इंतज़ार के धागो को चीरकर
देखना कभी
हर धागे मे
तुम और तुम्हारा इंतज़ार
ही नज़र आयेगा
जानती हूँ तुम नही आओगे
पता होता है मगर फिर भी
आस का दीपक
जलाये रखती हूँ
कभी करना तुम भी कोशिश
कभी करना तुम भी इंतज़ार
देखना पोर पोर मे
सुईयाँ गुबी मिलेंगी
क्योंकि
इंतज़ार  की सिलाई नही होती
सिर्फ़ गुदाई होती है………

शनिवार, 7 जनवरी 2012

सोचा था वर्णित हो जाऊँगी

सोचा था वर्णित हो जाऊँगी
मौन मुखरित हो जायेगा
वेदना पुलकित हो जायेगी
सुना था………………
एक अरसे के बाद 
मौसम फिर पलटता है
ज्वार फिर उठते हैं
ज़िन्दगी फिर मचलती है
मगर ऐसा नही होता
जिस तरह ………
सफ़र मे साथ छूटने के बाद
दोबारा मुसाफ़िर नही मिला करते
उसी तरह ………
सूखी हुई डालियाँ दोबारा अभिसिंचित नही होतीं
शायद तभी
 बंद कालकोठरियाँ के नसीब मे 
रौशनी के कतरे नहीं लिखे होते हैं……………