जानती हूँ चाहते हो तुम भी
अहिल्या बन जाऊँ मैं भी
तुम्हारे श्राप से श्रापित हो
और जीवित पाषाण बन
तुम्हारे दंभ की आहुति बन
भोग्या सामग्री सम
जीवन यज्ञ में पाषाण को
अमरत्व प्रदान करूँ
मगर मूक बधिर की भांति
पाषाण जो सब सहता है
आंधी, पानी ,धूप, बारिश
तूफ़ान, झंझावत
मगर ज़ख्मों को उसके
कौन सहलाता है
जानती हूँ तुम्हारे मन के
पौरुषिक अवलंबन को
जिसमे आज भी गौतम का
प्रतिबिम्ब ही समाया है
क्रोधाग्नि में दग्ध तुम्हारा
आहत पौरुष कभी
नहीं जान पाया सत्य को
या शायद जान कर अन्जान बनना
तुम्हारी नियति है
युगों की परम्परों से
तुम कैसे मुक्त हो सकते हो
मगर बिना दोष आखिर कब तक
मैं अहिल्या बन श्रापित होती रहूंगी
कब तक झूठे रिवाजों की भेंट चढ़ती रहूंगी
आखिर कब तक ना किये अपराधों का
अनचाहा बोझ उठाती रहूंगी
अब तोडती हूँ हर श्लाघा
जो तुमने मेरे चारों तरफ बनाई थी
शायद यही तुम्हें नहीं भाती है
तभी तुम टूटते समीकरण देख बौखला जाते हो
और एक बार फिर उन्ही अंधे कुओं की तरफ
मुझे धकेलते हो
कभी डराकर तो कभी फुसलाकर
कभी समाज का भय दिखाकर
तो कभी मुझे बेबस जान
मेरा और कोई ठिकाना नहीं
सिवाय तुम्हारे
है ना ..............यही सच
मगर एक बार बढे कदम को
इस बार नहीं मुड़ने दूंगी
इस बार इतिहास खुद को नहीं दोहराएगा
अब नहीं बनूंगी दोबारा अहिल्या
बेशक तुम्हें पाषाण बना दूं
मगर अब नहीं दूंगी अनचाही क़ुरबानी
सिर्फ तुम्हारे झूठे दंभ को पोषित करने के लिए
एक बार तुम भी तो उतरकर देखो
एक बार तुम भी तो जलकर देखो
इस आग में ....................
शायद तब जानोगे परित्यक्ता का दर्द
शायद तब जानोगे पाषाण होना क्या होता है
सम स्तर पर ही प्रकृति में संतुलन होता है